
असंध, 11 जून। उपमंडल प्रशासन असंध के तत्वावधान में आयुष विभाग द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या विद्यालय, असंध में गुरुवार को तीन दिवसीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 11 जून से 13 जून तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को कॉमन योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण प्रदान करना है।
एसडीएम असंध सुमित सिहाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार उपमंडल के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, स्काउट्स एवं गाइड्स, एनसीसी, डीपी तथा आमजन बढ़-चढ़कर भाग ले सकते हैं।
आयुष योग सहायक प्रदीप कुमार ने प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल एवं योग परीक्षण संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया
आयुष योग सहायक प्रदीप कुमार ने प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल एवं योग परीक्षण संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया।प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक लाभों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विभिन्न विधियों का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए उनके लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक लाभों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। नियमित योगाभ्यास से अनेक रोगों से बचाव संभव है।उपमंडल प्रशासन एवं आयुष विभाग ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने तथा आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर आयुष विभाग की ओर से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के ब्लॉक इंचार्ज डॉ. समर्थ चोपड़ा एवं अन्य आयुष स्टाफ, नगरपालिका सचिव प्रदीप, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या विद्यालय, असंध के प्रधानाचार्य अजमेर सिंह उपस्थित रहे तथा पतंजलि योग समिति असंध के अध्यक्ष एडवोकेट नरेंद्र शर्मा के नेतृत्व में योग शिक्षक मायाराम शास्त्री, संजीव गर्ग, पंकज बिंदल, सुरेश बंसल तथा समिति के अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में अपना सहयोग प्रदान किया।





