
एसडीएम ने स्कूल में मिड डे मील की गुणवत्ता जांचने के लिए स्वयं किया विद्यार्थियों के साथ भोजन
असन्ध, 20 मई। उपमंडल असन्ध के विद्यालयों में उच्च शैक्षणिक स्तर एवं प्रशासनिक दक्षता सुनिश्चित करने, प्रभावी मॉनिटरिंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा सरकार द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों की अनुपालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को एसडीएम सुमित सिहाग ने पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, असन्ध का निरीक्षण किया। इस अवसर पर नगर पालिका सचिव प्रदीप जैन, बिल्डिंग इंस्पेक्टर नगर पालिका दलबीर सिंह, खण्ड शिक्षा अधिकारी सतीश ढुल तथा प्रिंसिपल पवन जिंदल भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में स्वच्छता एवं साफ-सफाई की स्थिति का विस्तृत निरीक्षण किया गया। विद्यार्थियों के हित में विद्यालय में चल रही विकासात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा विद्यालय भवन की स्थिति का भी अवलोकन किया गया।इस दौरान एसडीएम ने विद्यालय प्रशासन को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके।
निरीक्षण के दौरान एस.डी.एम. ने मिड-डे मील की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए विद्यार्थियों के साथ भोजन भी ग्रहण किया। इसके साथ साथ विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, सामान्य ज्ञान एवं अन्य गतिविधियों में उनकी सहभागिता का भी मूल्यांकन किया गया।





