असंध, 6 अप्रैल। पीएम श्री रा•वरि•मा•विद्यालय असंध के छात्रों ने राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएस) में जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और असंध क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस परीक्षा में विद्यालय के 9 छात्रों ने सफलता प्राप्त की है। विद्यालय ने पूरे जिला करनाल में दूसरा स्थान एवं असंध ब्लॉक में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

सोमवार को विद्यालय परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में सफल छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय प्राचार्य पवन जिंदल ने मेधावी छात्रों को मेडल पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस परीक्षा के उत्तीर्ण करने से इन बच्चों को चार वर्ष तक प्रतिवर्ष बारह हजार रुपए महीने की छात्रवृत्ति मिलेगी।
असंध के छात्रों ने किया कमाल, एनएमएमएस में जिला में दूसरा स्थान
एनएमएमएस परीक्षा में विद्यालय के आठवीं कक्षा के मेधावी छात्र रक्षित ने जिला स्तर पर प्रथम एवं गौरव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।बच्चों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से विद्यालय परिवार, शिक्षकों और विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है। सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
संघर्ष से सफलता तक, असंध के विद्यार्थियों ने लिखी नई कहानी
स्कूल के प्राचार्य पवन कुमार जिंदल ने सभी बच्चों को इस सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि हौसले बुलंद हों, तो मंज़िलें भी मिल ही जाती हैं,हवा की मौजों से नहीं,चट्टानों से राह बन जाती हैं । साथ में उन्होंने ये भी कहा कि यह उपलब्धि न केवल छात्रों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन विशेष रूप से ईएसएचएम सुरेश कल्याण व उनके सहयोगी अध्यापक प्रमोद, अंजू, संदीप सोनी आदि के सामूहिक प्रयासों का भी प्रतिफल है। विद्यालय के प्राचार्य ने समस्त अभिभावकों का आह्वान भी किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने बच्चों का दाखिला पीएम श्री स्कूल असंध में करवाएं, जोकि सीबीएसई बोर्ड से संबंधित एवं इंग्लिश मीडियम भी है। इस अवसर पर अखविंदर कौर , नंद किशोर एवं सुनील दत्त भी मौजूद रहे।
